प्रेस वक्तव्य
27 नवंबर, 2024
भोपाल में यूनियन कार्बाइड हादसे के पीड़ितों के चार संगठनों के नेताओं ने आज संयुक्त रूप से 29 नवंबर से आयोजित होने वाले “जस्टिसमेकर्स मेला” की निंदा की, क्योंकि यह ट्राइलीगल नामक एक कानूनी कंपनी द्वारा प्रायोजित है, जो यूनियन कार्बाइड के सहयोगी ड्यूपॉन्ट कम्पनी और फिलिस्तीन में चल रहे नरसंहार में शामिल कई कम्पनियों की वकालत करता हैं।
भोपाल गैस पीड़ित महिला स्टेशनरी कर्मचारी संघ की अध्यक्ष रशीदा बी ने कहा, “इस कार्यक्रम को प्रायोजित करने वाली ट्राइलीगल ने अपनी वेबसाइट पर ड्यूपॉन्ट को अपने कॉर्पोरेट ग्राहकों में से एक के रूप में सूचीबद्ध किया है। जैसा कि हम अच्छी तरह से जानते हैं, ड्यूपॉन्ट ने 2017 में यूनियन कार्बाइड के मालिक डॉव केमिकल के साथ विलय कर लिया और अब उसके पास यूनियन कार्बाइड की काफी संपत्ति है। ड्यूपॉन्ट भोपाल के पीड़ितों को कोई भी कानूनी समाधान हासिल करने में बाधाएँ पैदा करने की कॉर्पोरेट साजिश का हिस्सा है।”
भोपाल गैस पीड़ित निराश्रित पेंशनभोगी संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष बालकृष्ण नामदेव ने कहा, “ट्राईलीगल न केवल ड्यूपॉन्ट जैसे आपराधिक निगमों की वकालत करता है, बल्कि इजरायल एयरोस्पेस इंडस्ट्रीज, लॉकहीड मार्टिन, ऑगस्टा वेस्टलैंड, बोइंग और अन्य कम्पनियों का भी वकालत करता है, जो फिलिस्तीन में चल रहे नरसंहार से मुनाफ़ा कमा रहे हैं।”
भोपाल ग्रुप फॉर इन्फॉर्मेशन एंड एक्शन की रचना ढींगरा ने कहा, “हम आगामी नामक इस एनजीओ की हिम्मत से हैरान हैं, जो भोपाल में सबसे जघन्य कॉर्पोरेट अपराध की 40वीं वर्षगांठ के आसपास इस कार्यक्रम का आयोजन कर रहा है। यह जानकर भी आश्चर्य हुआ कि इस मेले में आमंत्रित 600 “न्याय निर्माता” में से शायद ही किसी ने ट्राईलीगल की घृणित क्लाइंट सूची की जांच की हो, जो इस मेले में उनकी भागीदारी को वित्तपोषित कर रही है।”
भोपाल गैस पीड़ित महिला पुरुष संघर्ष मोर्चा के नवाब खान ने आश्चर्य व्यक्त करते हुए कहा, “ये कैसे न्याय निर्माता हैं जो इस तथ्य की अनदेखी करते हैं कि उनके कार्यक्रम को हत्यारी कार्बाइड के एक सहयोगी और गाजा में 40 हजार बच्चों की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों के पैसे से आयोजित किया जाता है।”
| रशीदा बी | बालकृष्ण नामदेव | रचना ढींगरा | नसरीन, नवाब खान |
| गैस पीड़ित महिला स्टेशनरी कर्मचारी संघ | भोपाल गैस पीड़ित निराश्रित पेंशनभोगी संघर्ष मोर्चा | भोपाल ग्रुप फॉर इंफॉर्मेशन एंड एक्शन | भोपाल गैस पीड़ित महिला पुरुष संघर्ष मोर्चा |
| 8827218215 | 9826345423 | 9826167369 | 8717945791 |


Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.