प्रेस विज्ञप्ति अप्रैल 26, 2026
यूनियन कार्बाइड आपदा के पीड़ितों के साथ काम करने वाले चार संगठन—भोपाल गैस पीड़ित महिला स्टेशनरी कर्मचारी संघ (BGPMSS), भोपाल गैस पीड़ित महिला पुरुष संघर्ष मोर्चा (BGPMPSM), भोपाल ग्रुप फॉर इंफॉर्मेशन एंड एक्शन (BGIA) और भोपाल गैस पीड़ित निराश्रित पेंशनभोगी संघर्ष मोर्चा—प्रख्यात फोटो पत्रकार रघु राय के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हैं। उनकी तस्वीरों ने सुनिश्चित किया कि भोपाल की सच्चाई को कभी दबाया नहीं जा सके।
भोपाल गैस पीड़ित निराश्रित पेंशनभोगी संघर्ष मोर्चा के बलकृष्ण नामदेव ने कहा, “रघु राय भोपाल आंदोलन के सच्चे सहयोगी थे। उन्होंने दिसंबर 1984 की यूनियन कार्बाइड त्रासदी के तत्काल और असहनीय मानवीय नुकसान को दर्ज किया और बार-बार लौटकर दशकों से जारी पीड़ा, सरकारी उपेक्षा और न्याय के लिए संघर्ष कर रहे पीड़ितों के दृढ़ प्रतिरोध को भी दुनिया के सामने रखा।”
भोपाल गैस पीड़ित महिला स्टेशनरी कर्मचारी संघ की रशीदा बी ने कहा, “रघु राय ने किसी बीती त्रासदी को नहीं, बल्कि भोपाल हादसे के दूरगामी प्रभाव को भी अपनी फोटोग्राफी के माध्यम से देश और दुनिया को दिखाया । वे वर्षों बाद भोपाल लौटे और गैस से प्रभावित माता-पिता के बच्चों में दिखाई देने वाली विकलांगताओं को दर्ज किया।”
BGIA की रचना ढींगरा ने कहा, “उनकी तस्वीरों ने भोपाल के मानवीय दर्द को यूनियन कार्बाइड और डाउ केमिकल की जिम्मेदारी से अलग करना असंभव बना दिया।”
संगठन रघु राय के परिवार और उनके काम से प्रभावित सभी लोगों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हैं।



Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.